← सभी खबरें

यूपी में विपक्ष की आवाज दबाने का किया जा रहा प्रयास : सहनी : Hindustan

यूपी में विपक्ष की आवाज दबाने का किया जा रहा प्रयास : सहनी : Hindustan
विकासशील इंसान पार्टी के सुप्रीमो एवं बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने सोमवार की शाम शहर के एक होटल में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लखनऊ में उन्हें कई दिनों तक हाउस अरेस्ट रखा गया और गोरखपुर, महराजगंज और कुशीनगर सहित विभिन्न जनपदों में पार्टी के शांतिपूर्ण कार्यक्रमों में प्रशासन की ओर से अनावश्यक बाधाएं उत्पन्न की गईं। उन्होंने कहा कि यह लोकतांत्रिक व्यवस्था एवं संवैधानिक अधिकारों के विरुद्ध है। किसी भी विपक्षी दल के नेता के साथ इस प्रकार का व्यवहार अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है और लोकतंत्र की भावना के अनुरूप नहीं है। उन्होंने कहा कि निषाद समाज को उसका संवैधानिक अधिकार दिलाना विकासशील इंसान पार्टी की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अगले महीने से पूरे उत्तर प्रदेश में निषाद आरक्षण संकल्प यात्रा निकाली जाएगी। इस यात्रा के माध्यम से गांव-गांव जाकर निषाद समाज को संगठित किया जाएगा और आरक्षण के लिए व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले निषाद समाज को आरक्षण नहीं दिया गया तो निषाद समाज भाजपा के विरोध में मतदान करेगा। उन्होंने जातीय जनगणना के आधार पर आबादी के अनुपात में आरक्षण एवं राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने की मांग दोहराते हुए कहा कि सामाजिक न्याय तभी संभव है जब प्रत्येक वर्ग को उसके अधिकार के अनुरूप प्रतिनिधित्व मिले। इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष सहनी, रामभारत निषाद, रविंद्र निषाद, आल्हा प्रसाद निषाद, त्रिदेव निषाद, राम विनेश, रामफेर, विशुनकुश निषाद, अमित निषाद, गंगाराम निषाद आदि मौजूद रहे।

Source: https://www.livehindustan.com/national/story-mukesh-sahni-raises-concerns-over-opposition-suppression-in-uttar-pradesh-201783951698572.amp.html