← सभी खबरें

संतकबीरनगर में मुकेश सहनी का भाजपा पर हमला:बोले- निषाद समाज को आरक्षण नहीं मिला तो 2027 में जवाब देगा समाज : Dainik Bhaskar

संतकबीरनगर में मुकेश सहनी का भाजपा पर हमला:बोले- निषाद समाज को आरक्षण नहीं मिला तो 2027 में जवाब देगा समाज : Dainik Bhaskar
संतकबीरनगर में विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश साहनी ने संतकबीरनगर दौरे के दौरान भाजपा सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री संजय निषाद पर तीखा हमला बोला। उन्होंने निषाद समाज के आरक्षण और राजनीतिक हिस्सेदारी के मुद्दे को लेकर सरकार को घेरा। खलीलाबाद में आयोजित प्रेसवार्ता में मुकेश सहनी ने आरोप लगाया कि निषाद समाज को आरक्षण दिलाने का वादा करने वाले संजय निषाद पिछले सात वर्षों से भाजपा के साथ सत्ता का लाभ उठा रहे हैं, लेकिन समाज को आरक्षण नहीं दिला सके। उन्होंने कहा कि निषाद समाज के युवाओं को शिक्षा और रोजगार में अवसर दिलाने की लड़ाई कमजोर पड़ गई है। सहनी ने संजय निषाद को भाजपा छोड़कर विपक्षी गठबंधन में शामिल होने की सलाह देते हुए कहा कि यदि वह वास्तव में निषाद समाज के हितों के लिए काम करना चाहते हैं तो उन्हें समाज के अधिकारों की लड़ाई सड़क पर उतरकर लड़नी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि वह कांग्रेस नेता Rahul Gandhi और समाजवादी पार्टी प्रमुख Akhilesh Yadav से बातचीत कर उन्हें सम्मानजनक राजनीतिक हिस्सेदारी दिलाने का प्रयास करेंगे। मुकेश सहनी ने जातीय जनगणना की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि सभी वर्गों की वास्तविक आबादी के आधार पर आरक्षण और राजनीतिक प्रतिनिधित्व तय किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह संघर्ष किसी दल के खिलाफ नहीं, बल्कि निषाद समाज के संवैधानिक अधिकारों के लिए है। 25 जुलाई से निकलेगी 101 दिवसीय संकल्प यात्रा मुकेश सहनी ने घोषणा की कि 25 जुलाई से उत्तर प्रदेश में 101 दिवसीय 'निषाद आरक्षण संकल्प यात्रा' शुरू की जाएगी। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान गांव-गांव जाकर लोगों को आरक्षण के समर्थन में संकल्प दिलाया जाएगा और निषाद समाज को संगठित किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि इस अभियान से एक करोड़ लोगों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले निषाद समाज को आरक्षण नहीं मिला तो समाज भाजपा के खिलाफ मतदान करेगा। इस अवसर पर वीआईपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष सहनी, कार्यक्रम प्रभारी रविंद्र निषाद सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और समर्थक मौजूद रहे।

Source: https://www.bhaskar.com/local/uttar-pradesh/sant-kabir-nagar/news/sant-kabir-nagar-mukesh-sahani-sanjay-nishad-bjp-nishad-reservation-politics-138218854.html