निषाद समाज को SC आरक्षण के लिए दिलाया संकल्प : Amar Ujala
स्रोत: Amar Ujala
सोनभद्र।
निषाद आरक्षण संकल्प अभियान के तहत विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के अध्यक्ष मुकेश सहनी शनिवार को सोनभद्र पहुंचे। हिंडुआरी मोड़ पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद वे कार्यकर्ताओं के काफिले के साथ चंडी तिराहा स्थित एक होटल में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचे।
सम्मेलन में मुकेश सहनी ने निषाद समाज को अनुसूचित जाति (SC) का आरक्षण देने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि निषाद समाज को आरक्षण मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा। सम्मेलन में मौजूद कार्यकर्ताओं और समाज के लोगों को उन्होंने हाथ में गंगाजल लेकर आरक्षण के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प दिलाया।
मुकेश सहनी ने कहा कि निषाद आरक्षण संकल्प अभियान को प्रदेश के गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा और लोगों को आरक्षण के मुद्दे पर जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि निषाद समाज अपने अधिकारों और हक की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाएगा।
इस दौरान मुकेश सहनी ने निषाद पार्टी के अध्यक्ष और प्रदेश सरकार में मंत्री संजय निषाद पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि निषाद समाज को आरक्षण दिलाने का वादा किया गया था, लेकिन कई वर्ष बीत जाने के बाद भी यह मांग पूरी नहीं हुई।
सहनी ने उत्तर प्रदेश में मझवार के नाम पर आरक्षण के प्रावधान का उल्लेख करते हुए बिंद और केवट समेत संबंधित निषाद समुदायों को आरक्षण का लाभ देने की मांग की। उन्होंने कहा कि आरक्षण का मुद्दा प्रदेश के अलग-अलग जिलों में अभियान के माध्यम से प्रमुखता से उठाया जाएगा।
मुकेश सहनी ने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले यदि निषाद समाज को अनुसूचित जाति (SC) आरक्षण का लाभ नहीं मिलता है, तो समाज के लोग अपने राजनीतिक फैसले स्वयं लेने के लिए स्वतंत्र होंगे।
कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और निषाद समाज के लोग मौजूद रहे।
https://www.amarujala.com/uttar-pradesh/sonebhadra/secured-a-pledge-from-the-nishad-community-regarding-sc-reservation-sonbhadra-news-c-194-1-son1002-153336-2026-09-19